गैंगस्टर रोहित गोदारा के सक्रिय सदस्य को पुलिस ने गुजरात से किया गिरफ्तार
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न)। हत्या के प्रयास में दर्ज मामले में फरार चल रहे गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्य रामसीसर भेडवालिया निवासी 25 वर्षीय सुभाष सारण उर्फ भाला पुत्र हरिराम जाट व रतनगढ़ के भावनदेसर निवासी 19 वर्षीय दिनेश पुत्र कुंभाराम जाट को थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई के नेतृत्व में एएसआई हिम्मतसिंह ने गुजरात से गिरफ्तार किया है। सरदारशहर थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई ने बताया कि 24 जनवरी को रामसीसर भेडवालिया गांव में एक ज्वेलर्स की दुकान पर ज्वेलर्स व्यापारी राकेश सोनी के साथ सुभाष सारण उर्फ भाला और दिनेश जाट ने मारपीट की वारदात को अंजाम दिया था। और आरोपी उक्त घटना के बाद फरार हो गए थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच एएसआई हिम्मत सिंह को सौंपी। थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई के नेतृत्व में एएसआई हिम्मतसिंह ने लगातार आरोपियों का पीछा करते हुए तकनीकी साक्ष्य एवं मजबूत मुखबिर तंत्र के सहयोग से दोनों आरोपियों को गुजरात के उमरगांव से गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी सुभाष सारण उर्फ भाला गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का सक्रिय सदस्य है, जिस पर नागौर जिले के कुचामन सिटी और हरियाणा में भी मुकदमा दर्ज है और उनमें फरार चल रहा है। सुभाष सारण उर्फ भाला पर चुरु पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी सुभाष सारण उर्फ भाला रोहित गेदार गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम करते हुए विभिन्न वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी सुभाष सारण की अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल होने की संभावना है जिससे लगातार गहनता से पूछताछ की जा रही है। और रोहित गोदारा गैंग के अन्य सदस्यों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल शिवकुमार और विनोद कुमार की भी भूमिका रही।