पुलिस का अवैध हुक्का बारों पर शिकंजा: दो कैफे पर छापेमारी किए दो मैनेजर गिरफ्तार
जयपुर (नवयत्न)। जयपुर पूर्व जिला पुलिस ने अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जवाहर सर्किल और बजाज नगर थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग कैफे पर छापेमारी कर दो मैनेजरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से हुक्के, चिलम, तंबाकूयुक्त फ्लेवर और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। वहीं हुक्का पी रहे युवक-युवतियों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई भी की गई।
3 डी रेस्टोरेंट एंड बार में दबिश, मैनेजर गिरफ्तार
जहां जवाहर सर्किल थाना प्रभारी महेश चंद के नेतृत्व में गठित टीम को 17 जून को सूचना मिली कि जेएलएन मार्ग स्थित यूडीबी बिल्डिंग में संचालित 3डी रेस्टोरेंट एंड बार में ग्राहकों को अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना पर उपनिरीक्षक श्याम प्रकाश मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और दबिश दी।
मर्करी कैफे एंड रूफटॉप लाउंज पर भी कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई बजाज नगर थाना क्षेत्र में दुर्गापुरा स्थित एसएल मार्ग पर संचालित मर्करी कैफे एंड रूफटॉप लाउंज में की गई। थाना प्रभारी रामधन डोभाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गिरवर सिंह एवं टीम ने कैफे पर अचानक दबिश दी।
अवैध हुक्का बारों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में देर रात तक अवैध रूप से संचालित कैफे, हुक्का बार तथा नशीले पदार्थों की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने पिछले दो दिनों में क्वीन्स हब क्लब और 3डी रेस्टोरेंट समेत कई स्थानों पर कार्रवाई की है।