पुलिस की कार्यशैली पर उठाया सवाल
पालिकाध्यक्ष ने लगाया जबरन दुकानें बंद करवाने का आरोप
चिड़ावा,(विजेंद्र सिंह लमोरिया)19 मई। पुलिस-प्रशासन की ओर से स्पष्ट गाइडलाइन नहीं होने के कारण कस्बे में दुकानों को खोलने को लेकर दिनभर असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि कुछ दुकानदारों ने सुबह अपनी दुकानें खोलने का निर्णय लिया तथा अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानें खोल भी रहे थे। इस बीच पुलिस ने स्पष्ट गाइडलाइन का अभाव बताते हुए दुकानदारों को दुकानें बंद करने को कहा। इसको लेकर पालिकाध्यक्ष मधु शर्मा ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब राज्य सरकार द्वारा दुकानें खोलने के लिए गाइडलाइन जारी कर दी गई थी तो पुलिस द्वारा जबरन दुकानें बंद करवाना न्यायोचित नहीं है। पालिकाध्यक्ष ने जिला कलेक्टर को दुकानें खोलने को लेकर स्पष्ट गाइडलाइन जारी करने की मांग की है ताकि दुकानदारों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। असमंजस की स्थिति में दुकानदार और ग्राहक दोनों ही परेशान होते रहे।