व्हाट्सएप पर मिली शिकायत पर पुलिस ने दबोचे नशे-शराब के कारोबारी

निसं
जयपुर (नवयत्न)। जयपुर पश्चिम पुलिस के ऑपरेशन चौकस के तहत आमजन से व्हाट्सएप पर मिली सूचनाओं के आधार पर अवैध शराब, मादक पदार्थ और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं 30 जुलाई से शुरू अभियान में दौलतपुरा, बिंदायका, भांकरोटा, करणी विहार, हरमाड़ा, सदर, मुरलीपुरा और विश्वकर्मा थाना क्षेत्रों में अब तक 11 प्रकरण दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई संदिग्धों को भी पकड़ा गया। डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि शिकायतों की गोपनीय जांच के बाद चिन्हित ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई में आबकारी अधिनियम के नौ और एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज किए गए। भांकरोटा में महापुरा बर्फ फैक्ट्री के पीछे और सिरसी रोड स्थित साक्षी टावर के पास अवैध देशी शराब बिक्री के मामले पकड़े गए। हरमाड़ा के बालनाथ नगर और बिंदायका में भी शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई हुई। मुरलीपुरा में तिवारी मार्केट निवासी राजन कुमारी को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया गया। सदर थाना क्षेत्र की फूस का बंगला कच्ची बस्ती में भी अवैध नशीली सामग्री बेचने के आरोप में महिला को पकड़ा गया। विश्वकर्मा के रोड नंबर 17 जेडीए कॉलोनी में इंजेक्शन से नशा करते चार लोगों तथा दौलतपुरा नट बस्ती से चार संदिग्धों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर दो मोटरसाइकिल जब्त की गईं। करणी विहार में अवैध गैस सिलेंडर रिफिलिंग की सूचना पर डीएसओ टीम को मौके पर बुलाकर कार्रवाई कराई गई।

You might also like