590 ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 128 गिरफ्तार

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को एक दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। अलसुबह शुरू हुई कार्रवाई में 64 पुलिस टीमों के 283 अधिकारी और जवानों ने जिलेभर में 590 ठिकानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों, वारंटियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों समेत 128 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश के निर्देश पर एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत ने कार्रवाई की निगरानी की। पुलिस के अनुसार महिला अत्याचार के मामले में फरार 1, जघन्य अपराधों में 3, सामान्य अपराधों में 4 और गिरफ्तारी वारंट वाले 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा स्थाई वारंट, पीओ और 335 बीएनएस के मामलों में 12, एक इनामी अपराधी और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित एक आरोपी को पकड़ा गया। अवैध शराब के नए मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य अधिनियमों के मामलों में 3 और शांतिभंग में 42 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस थाना कोतवाली ने अभियान के दौरान सर्वाधिक 17 गिरफ्तारियां कीं।
अवैध शराब पर कार्रवाई
आबकारी एक्ट के तहत पुलिस ने 13 प्रकरण दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर भी निगरानी बढ़ाने की बात कही है।
49 टन बजरी-पत्थर जब्त
अवैध खनन के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। मंड्रेला और बगड़ थाना पुलिस ने एक-एक प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में करीब 40 टन बजरी और 9 टन पत्थर जब्त किए गए। दो वाहन भी पुलिस ने कब्जे में लिए। इसके अलावा एनडीपीएस, आबकारी, आर्म्स एक्ट और अवैध खनन के अलावा अन्य अधिनियमों में 3 प्रकरण दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभियान का उद्देश्य वांछित अपराधियों की धरपकड़, असामाजिक गतिविधियों पर रोक और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है। पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

You might also like