सामूहिक श्रमदान से निखरा पब्लिक पार्क, तीन रविवार में पूरा हुआ स्वच्छता अभियान
निसं
बीकानेर (नवयत्न)। हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम के संकल्प के साथ हॉर फॉर नेशन टीम द्वारा कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित पब्लिक पार्क में चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान रविवार को तीसरे चरण के साथ पूर्ण हो गया। लगातार तीन रविवार तक चले सामूहिक श्रमदान के बाद पार्क का सफाई कार्य पूरी तरह पूरा कर लिया गया। अभियान के अंतिम चरण में शहर की विभिन्न सामाजिक एवं खेल संस्थाओं ने भी सहभागिता निभाई। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन एवं री-स्टार्ट जिम्नास्टिक्स एकेडमी सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों ने टीम के साथ मिलकर श्रमदान किया। इससे अभियान को व्यापक स्वरूप मिला और सामाजिक संस्थाओं के सामूहिक प्रयास का सकारात्मक संदेश गया। स्वच्छता अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और नन्हे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने भी बिना किसी झिझक के अपने हाथों से सफाई करते हुए पार्क को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दिया। बच्चों का खुशी-खुशी श्रमदान करना अभियान का विशेष आकर्षण रहा। लगातार तीन सप्ताह की मेहनत के बाद रविवार को पार्क का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। सफाई के बाद पार्क स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई दिया। अभियान के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में एकत्रित कचरे को भरकर डंपिंग यार्ड भेजा गया। हॉर फॉर नेशन टीम का कहना है। कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति, संस्था या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। सामूहिक श्रमदान, सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना से ही शहर के सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाया जा सकता है। अभियान ने यह संदेश दिया कि सकारात्मक सोच के साथ उठाया गया छोटा कदम भी बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकता है। वर्ष 2016 से बीकानेर में निरंतर स्वच्छता अभियान चला रही हॉर फॉर नेशन का मूल संदेश श्शिकायत नहीं, सहयोग है। संस्था बिना किसी राजनीतिक प्रभाव अथवा आर्थिक सहयोग के सामूहिक श्रमदान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के प्रयास में जुटी है। तीन रविवार, सामूहिक प्रयास और एक खूबसूरत परिणाम-रविवार को पब्लिक पार्क की चमक इस बात की गवाही दे रही थी कि बदलाव संभव है, बस शुरुआत करने की जरूरत है। हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम।