मामूली बरसात में आम रास्ता जलमग्न

प्रदीप सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न)। दांता नगरपालिका क्षेत्र में आम रास्ते में जल भराव, गंदे पानी की निकासी तथा उबड़-खाबड़ रास्ते को लेकर ग्रामवासियों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जीणमाता बाईपास स्टेट हाईवे पर संस्कार चौराहा दांता से नगरपालिका की तरफ जाने वाले आम रास्ते में सड़क नहीं बनने थोड़ी सी बरसात आने से जलभराव तथा उबड़-खाबड़ रास्ते होने के कारण, गंदे पानी की निकासी की समस्या जो जीणमाता बाईपास स्टेट हाईव चौराहा के पास से भगवान सहाय के मकान से सीताराम जांगिड के मकान तक जल भरा रहता है, जिससे पैदल चलने वाले राहगीरों तथा आवागमन के साधनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना की आंशका बनी रहती है। जलभराव तथा इस गंदे पानी से मलेरिया जैसी संक्रमित बीमारियां फैलने का भय सताने लगा। ग्रामीणों, मोहल्ले वासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर दो माह पूर्व भी दांता नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर इस रास्ते पर सड़क बनाने सहित अन्य समस्या जल भराव, गंदे पानी की निकासी आदि से अवगत भी कराया गया जिसका अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। वहीं जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जल्दी ही समस्या का समाधान हो, नहीं तो आंदोलन करने पर मजबूर हो जायेंगे।

You might also like