क्वारेंटाइन सेंटर बने स्कूल में स्टाफ ने राशि एकत्र कर दिए संसाधन
सामाजिक कार्यकर्ता नेहरा ने दिया इन्वर्टर
चूरू,(पीयूष शर्मा)26 मई। कोरोना वैश्विक चुनौती के इस दौर में क्वारेंटाइन बनाए गए गांव घांघू के शहीद राजेश कुमार फगेड़िया उमावि में मंगलवार को स्कूल स्टाफ सदस्यों ने आपस में राशि एकत्रित कर कूलर आदि संसाधन भेंट किए।
गांव के सामाजिक कार्यकर्ता बीरबल नोखवाल के मुताबिक इस मौके पर हुए सादे कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता महावीर नेहरा ने एक इन्वर्टर भेंट किया। वहीं विद्यालय स्टाफ ने करीब 50 हजार रुपए एकत्र कर दो बड़े कूलर व अन्य संसाधन जुटाए। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए उक्त संसाधन प्रधानाचार्य प्रताप कुमावत को सौंपे गए। सामाजिक कार्यकर्ता महावीर नेहरा ने बताया कि क्वारेंटाइन सेंटर के संचालन के दौरान तात्कालिक तौर पर इन्वर्टर की जरूरत महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि स्कूल स्टाफ द्वारा पैसे एकत्र कर कूलर व संसाधन जुटाया जाना सराहनीय कार्य है।
बतौर मुख्य अतिथि मंचस्थ सहायक निदेशक जनसंपर्क कुमार अजय ने कहा कि विद्यालय की भौतिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अपनी मेहनत की कमाई का दान करना सर्वोत्तम है। वर्तमान में कोरोना वैश्विक चुनौती से लडऩा हम सभी के लिए सर्वोपरी है। हम सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और सरकार की ओर से बताई गई एडवायजरी को मानें। प्रधानाचार्य प्रतापसिंह कुमावत ने स्कूल स्टाफ व सामाजिक कार्यकर्ता नेहरा का आभार जताया।
इस मौके पर सेवानिवृत्त एएसआई रामकरण राहड़, गोयनका विद्यालय के प्रधानाचार्य कासम अली, सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रबंधक ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स हरफूल सिंह रेवाड़, महिपाल सिंह, प्राध्यापक इकबाल अहमद, मनोज सेवदा, सज्जाद खां, रामचंद्र ढाका, मुश्ताक खां व रामधन मेघवाल आदि मौजूद थे।