राणी सती मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी रेल सुविधा

संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। राणी सती मंदिर की भादव अमावस्या पर होने वाली वार्षिक पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। 21 अगस्त से 24 सितंबर तक रुणिचा एक्सप्रेस झुंझुनूं-सीकर-रींगस होकर प्रतिदिन संचालित होगी। इससे दिल्ली, खाटूश्यामजी-रींगस, जोधपुर और जैसलमेर जाने वाले यात्रियों के साथ सैनिकों को भी लाभ मिलेगा। रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 14087/14088 दिल्ली जंक्शन-जैसलमेर-दिल्ली जंक्शन रुणिचा एक्सप्रेस निर्धारित अवधि में प्रतिदिन इस मार्ग से चलेगी। ट्रेन नंबर 14087 दिल्ली से सुबह 8 : 55 बजे रवाना होकर करीब 12:30 बजे झुंझुनूं, शाम 7: 20 बजे जोधपुर और रात 1:30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन नंबर 14088 जैसलमेर से शाम 7 बजे रवाना होकर रात 11: 40 बजे जोधपुर और अगले दिन सुबह करीब 8:30 बजे झुंझुनूं होते हुए दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
लोहारू से रींगस तक ठहराव
ट्रेन का ठहराव लोहारू, चिड़ावा, झुंझुनूं, नवलगढ़, सीकर और रींगस सहित विभिन्न स्टेशनों पर रहेगा। ट्रेन में फर्स्ट, सेकंड व थर्ड एसी के साथ द्वितीय श्रेणी शयनयान और जनरल कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि समिति दिल्ली से जोधपुर-जैसलमेर के लिए रेल सेवा शुरू करवाने की मांग लंबे समय से उठा रही थी। इसके लिए रेलमंत्री से लेकर रेलवे अधिकारियों तक लगातार प्रयास किए गए। अब रुणिचा एक्सप्रेस के इस मार्ग से संचालन को क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

You might also like