बारिश में टूटी सड़क बनी मुसीबत, जलभराव से आवागमन ठप, ग्रामीण परेशान

रणवीर सिंह 

चनाना (नवयत्न)। लगातार हो रही तेज बरसात ने क्षेत्र की एक मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया है। सड़क के टूटे होने और गलत स्तर निर्माण के कारण जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भरने से पूरे मार्ग पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। इससे राहगीरों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

करीब 1.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर दोनों ओर खेतों की मेड़ होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। परिणामस्वरूप सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है और आवागमन लगभग बाधित हो चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क का निर्माण करीब 8-9 वर्ष पहले हुआ था, लेकिन इसके बाद से इसकी न तो कोई नियमित निगरानी की गई और न ही मरम्मत कार्य कराया गया।

 

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने अधिकारियों की इस उदासीनता पर नाराजगी जताई है।

 

यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग होने के कारण दैनिक जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से लोग रोजमर्रा के कार्यों के लिए बस स्टैंड तक पहुंचते हैं और अन्य स्थानों के लिए यात्रा करते हैं। वर्तमान में सड़क पर जमा गंदे पानी से न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि दुर्गंध और मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

You might also like