टीकाकरण के प्रति हिचकिचाहट रखने वालों को जागरूक करें

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। चिकित्सा विभाग की ओर से राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय पर जीरो डोज टीकाकरण, नियमित टीकाकरण एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से धर्मगुरुओं एवं क्षेत्रीय प्रभावशाली व्यक्तियों की आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित हुई। यूनिसेफ एवं अर्पण सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में धर्मगुरुओं एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से अपने-अपने क्षेत्रों में समुदाय के बीच टीकाकरण के महत्व, लाभ एवं सुरक्षा संबंधी सही जानकारी पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा टीकाकरण के प्रति हिचकिचाहट रखने वाले परिवारों को भरोसेमंद संदेश देकर बच्चों एवं किशोरियों को समय पर टीकाकरण से जोड़ने में सहयोग करने की अपील की गई। सीएमएचओ डॉ अशोक मेहरिया ने टीकाकरण कार्यक्रम पर चर्चा करते हुए उपस्थित धर्मगुरुओं एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से अपने-अपने क्षेत्रों में टीकाकरण कार्यक्रम को मजबूत करने तथा समुदाय में जागरूकता बढ़ाने के लिए सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विशाल सिंह ने कहा कि टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि समुदाय में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं क्षेत्रीय प्रभावशाली व्यक्तियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे टीकाकरण से हिचकिचाने वाले परिवारों तक भरोसेमंद संदेशवाहक के रूप में पहुंचे और 11 जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए चलाए जा रहे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को मजबूत बनाने में सहयोग करें। साथ ही एचपीवी टीकाकरण के लिए समुदाय में फैली भ्रांतियां और गलत धारणाओं को दूर करने में सहयोग प्रदान करें ताकि 14 से 15 वर्ष तक की बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गम्भीर बीमारी से सुरक्षित करने में सफल हो सके। कार्यशाला में रैवासा धाम के संत अभिरामदास महाराज, शहर इमाम के प्रतिनिधि नईम अख्तर, माइनॉरिटी अफेयर्स एसोसिएशन के महासचिव निसार अहमद जाटू, वार्ड पार्षद मुश्ताक तंवर, मौलाना शकील, मौलाना जमशेद, विश्व स्वास्थ्य संगठन के डॉ अंकुर सागवान सहित सीकर शहर तथा फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, कूदन एवं दांता ब्लॉक के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You might also like