रियायत मिलने के साथ ही कोरोना के मामले बढ़े हैं-मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 39 हजार 923 हो चुकी है। इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन में रियायत मिलने के साथ ही कोरोना के मामले बढ़े हैं, लेकिन चिंता की बात नहीं है। मुझे चिंता तब होगी जब मौत का आंकड़ा बहुत तेजी से बढ़ने लगेगा। कोरोना होता रहे, लेकिन लोग ठीक होकर घर जाते रहें तो दिक्कत नहीं है। बस मौत नहीं होनी चाहिए।

केजरीवाल ने आगे कहा कि रविवार तक दिल्ली में 13 हजार 418 केस सामने आए। इनमें से 6 हजार 540 लोग ठीक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि यहां सरकारी हॉस्पिटल में 3829 बेड हैं। इनमें से 3164 में ऑक्सीजन की सुविधा है। इनमें से अभी 1500 बेड भरे हैं। इनके अलावा प्राइवेट हॉस्पिटल में 677 बेड हैं। इनमें से 509 पर मरीज हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के 117 अस्पताल में 20% बेड कोरोना के लिए होंगे। इससे 2000 बेड बढ़ जाएंगे। वहीं, हिमाचल प्रदेश ने लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ाया है।

सोमवार को दिल्ली में 635, राजस्थान में 145, आंध्रप्रदेश में 44, ओडिशा में 102, बिहार में 69, असम में 74, पुडुचेरी में 8, हिमाचल में 6, जबकि मणिपुर में 2-2 मरीज मिले। 304 मरीज और बढ़े, लेकिन ये किन राज्यों से यह जानकारी नहीं मिल सकी है।  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 38 हजार 845 संक्रमित हैं। इसमें से 77 हजार 103 का इलाज चल रहा है, 57 हजार 720 ठीक हुए हैं और 4021 की मौत हो चुकी है।

You might also like