रिश्वत: रोजगार कार्यालय में दलाल सक्रिय, युवाओं पर डाल रहे डोरे
जिला रोजगार अधिकारी बोले, दलालों से सावधान रहें बेरोजगार
चूरू,(पीयूष शर्मा)12 मई। कलक्ट्रेट स्थित जिला रोजगार कार्यालय में सक्रिय दलाल इन दिनों बेरोजगारी भत्ता दिलाने के नाम पर पंजीकृत बेरोजगार युवाओं से रुपए एंठने के लिए डोरे डाल रहे हैं।
जिला रोजगार अधिकारी हरगोविंद मित्तल ने बताया कि जानकारी में आया है कि कुछ दलाल प्रवृत्ति के लोग बेरोजगार युवाओं से राज्य सरकार की बेरोजगारी भत्ता योजना में भत्ते के फार्म स्वीकृत करवाने व भत्ता दिलाने की एवज में रुपए मांग रहे हैं। जबकि कार्यालय की ओर से ये कार्य पूर्णतया नि:शुल्क किया जा रहा है। योजना का कार्य पूरी तरह ऑनलाइन है। आवेदनों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। ऐसे में युवाओं को दलालों से सावधान रहने की जरूरत है।
रुपए मांगे तो करें कलक्टर को शिकायत
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर बेरोजगारी भत्ते के फार्म को पास करवाने के लिए कोई व्यक्ति राशि की मांग करता है। तो तुरंत जिला रोजगार कार्यालय चूरू अथवा कलक्टर चूरू को शिकायत कर अवगत करवाएं। किसी भी व्यक्ति के रिश्वत मांगने की सूचना सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।