लोकडाउन 03: चूरू में बाजार खुलने का खेल, आखिरी निर्णय की गेंद फिर कलक्टर के पाले में
तपती धूप में सभापति ने नपवाई सडक़
चूरू,(पीयूष शर्मा)5 मई। नगर परिषद सभापति पायल सैनी ने मंगलवार दोपहर शहर के मुख्य बाजारों में पहुंचकर तपती दुपहरी में खड़े रहकर सडक़ों की चौड़ाई नपवाई। गौरतलब है कि आगामी 17 मई तक लागू लोकडाउन फेज 03 के दौरान मुख्य बाजारों में दोनों तरफ की दुकानें खुलवाने की जद्दोजहद में जुटे शहर के व्यापारियों की मांग पर परिषद के प्रशासनिक लवाजमे के साथ बाजार में पहुंचकर सभापति ने व्यापारियों के सामने सडक़ों की पैमाइश करवाई। बाजार का निरीक्षण कर वे अल्प समय के लिए शहर के सस्ता स्टेशनरी भंडार पर रुकीं। इस दौरान मीडिया से मुखातिब हुई सभापति सैनी ने माना कि अनेक बाजारों की चौड़ाई 20 फीट तथा कई जगह चौड़ाई साढ़े 28 फीट तक है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि कलक्टर संदेश नायक से वार्ता कर व्यापारियों की समस्या के समाधान के लिए नियमों के मुताबिक दोनों तरफ की दुकानें खुलवाने का प्रयास किया जाएगा। गौरतलब है कि ग्रीन जोन में शामिल हो चुके शहर में कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर लागू लोकडाउन के तहत प्रशासन व परिषद ने बाजारों में प्रतिष्ठान खोलने को लेकर ‘ओड इवन सिस्टम’ नियम लागू किया है। व्यापारी प्रशासन की ओर से लागू सप्ताह में तीन दिन दाहिनी व तीन दिन बांई साइड के प्रतिष्ठान खोलने के आदेश में संशोधन करने की मांग कर रहे हैं। व्यापारी वर्ग चाहता है कि तीन दिन के लंबे अंतराल की बजाय एक-एक दिन दोनों तरफ के प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति दी जाए। अथवा सभी दुकानों को नियमित रूप से तय अवधि के लिए खोलने की अनुमति दी जाए।
व्यापारी दो बार पहले भी कर चुके प्रशासन के साथ बैठक सूत्रों के मुताबिक गढ़ क्षेत्र के व्यापारी तीन मई को कोतवाली में तहसीलदार तथा चार मई को कलक्ट्रेट सभागार में एसडीएम अवि गर्ग के समक्ष अपनी मांग रख चुके थे। मगर दोनों ही बैठकों में प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों की मांग कलक्टर संदेश नायक तक पहुंचाने व उनके आदेशों के मुताबिक काम करने का की बात कह दी। बाद में पांच मई को बाजार की पैमाइश के बाद सभापति सैनी ने भी कलक्टर संदेश नायक से वार्ता कर उनसे आग्रह करने का आश्वासन दे दिया। ऐसे में अब बाजार खुलने को लेकर प्रशासन-व्यापारियों के बीच चल रहे इस खेल में अंतिम निर्णय की गेंद एक बार फिर कलक्टर नायक के पाले में चली गई है।
पीली लक्ष्मण रेखा लांधी तो होगी व्यापारी पर कार्रवाई बाजार में दुकानदारों की ओर से सडक़ पर सामान रखकर किए गए अस्थाई अतिक्रमण से परेशान नजर आई सभापति पायल सैनी ने मौके पर ही व्यवस्था में सुधार कर आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारी को बाजार में दोनों तरफ दुकानों के आगे पीली पट्टी खिंचवाने के आदेश दे दिए। परिषद के पीआरओं किशन उपाध्याय के मुताबिक पट्टी से आगे सामान रख लक्ष्मण रेखा लांघने वालों के विरुद्ध नगर पालिका अधिनियमों के अंतर्गत जुर्माने सहित अन्य कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ये व्यापारी रहे साथ इस दौरान कांग्रेस नेता रियाजत अली खान, कपड़ा व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील भाऊवाला, थोक व्यापारी हरीश बजाज, सोमप्रकाश क्याल, थोक स्टेशनरी विक्रेता शुभम बजाज सहित परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।