कोरोना: क्वारेंटाइन के दौरान शराब पीकर उत्पात मचा रहा युवक जांच में आया पॉजिटिव
शराबी युवक के संपर्क में आए एसएचओं व पुलिस के जवानों की करवाई जांच
चूरू,(पीयूष शर्मा)14 मई। निकटवर्ती गांव रिडख़ला में तीन दिन पहले होम क्वारेंटाइन के दौरान शराब पीकर उत्पात मचा रहे युवक की कोरोना जांच पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन में हडक़ंप मच गया।
आनन फानन में हरकत में आए प्रशासनिक व चिकित्सा अधिकारियों ने युवक के संपर्क में आए एसएचओं व सात पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच करवाई गई। चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक जिले के गांव रिडख़ला में मुंबई से आया एक युवक तीन दिन पहले शराब पीकर उत्पात मचा रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची भालेरी पुलिस ने युवक को पकडक़र क्वारेंटाइन करवा दिया। इस दौरान भालेरी पुलिस के थानाधिकारी सहित सात जवान संपर्क में आए थे।
रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही सतर्क हुआ महकमा
रिडख़ला गांव के युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही चिकित्सा महकमा अलर्ट मोड पर आ गया और भालेरी थाने के थानाधिकारी सहित सात जवानों को राजकीय डेडराज भरतिया अस्पताल लाकर एसडीएम अवि गर्ग की मौजूदगी में सैंपलिंग करवाई गई। सैंपल जांच के लिए चूरू मेडिकल कॉलेज भेज दिए गए हैं।
आसलखेड़ी स्कूल में भी मचाया था उत्पात
एसडीएम के मुताबिक मुंबई से आने के बाद होम क्वारेंटाइन किए इस युवक को शराब पीकर उत्पात मचाने पर भालेरी पुलिस ने पकड़ कर आसलखेड़ी गांव के स्कूल में क्वारेंटाइन करवाया। इसके बाद वहां भी शराब पीकर उत्पात मचाया तो पुलिस ने इसे पकडक़र चूरू के बालिका महाविद्यालय में स्टेट क्वारेंटाइन करवा दिया था। जहां पर इसके सैंपल लिए गए और सैंपल की जांच आज पॉजिटिव आई है।
स्कूल क्वारेंटाइन सेंटर में शराब की सप्लाई का खेल
जिला प्रशासन के आदेशों के मुताबिक गांवों के स्कूलों या अन्य स्थानों पर बने क्वारेंटाइन सेंटर्स में शराब की सप्लाई का खेल प्रशासन की चिंता बढ़ा सकता है। सवाल ये है कि जिस क्वारेंटाइन सेंटर में रोगी अथवा जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा किसी को आने की अनुमति नहीं है। उस स्थिति में भालेरी क्वारेंटाइन सेंटर व आसलखेड़ी के स्कूल में बने क्वारेंटाइन सेंटर में युवक के पास शराब पहुंची कैसे। ये जांच का विषय है।