दुपहिया वाहन चुराने वाला शातिर चोर श्रवण सैन गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न) । श्याम नगर थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर दुपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की गई (दुपहिया ) मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपित नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि श्याम नगर थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर दुपहिया वाहन चोर श्रवण कुमार सैन (38) निवासी खोरा बीसल जयपुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल को कटी हुई हालत में बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्मैक सहित अन्य मादक पदार्थों का सेवन करने का आदी है। नशे की पूर्ति के लिए वह सुनसान स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करता था और पहचान छिपाने के उद्देश्य से उन्हें काटकर अथवा क्षतिग्रस्त अवस्था में कच्ची बस्तियों में ओने-पौने दामों में बेच देता था। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है और पुलिस पूछताछ में जयपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई अन्य दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।