चूरू (पीयूष शर्मा). राजस्थान राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज ने कहा कि राज्य में महिला उत्पीडऩ के प्रकरणों का प्रभावी निस्तारण किया जाएगा। दोषी चाहे कोई भी हो, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आयोग अध्यक्ष व राज्यमंत्री रियाज ने ये बात मंगलवार को सर्किट हाऊस में कही। आमजन से रूबरू हो विभिन्न प्रकरणों पर चर्चा के दौरान आयोग अध्यक्ष ने महिला उत्पीडऩ सहित विभिन्न मसलों पर लोगों की परिवेदनाएं सुनीं। आमजन ने चूरू के विकास से जुड़े मसलों पर भी महिला आयोग का ध्यानाकर्षित करवाया। इस दौरान महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि वे पिछले तीन वर्ष में महिला उत्पीडऩ से जुड़े समस्त प्रकरणों की सूचना प्राप्त कर रही हैं। उन पर हो रही कार्रवाई की प्रभावी मॉनीटरिंग की जाएगी। महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरुक हों और हर तरह के अत्याचार व हिंसा के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाएं। महिला उत्पीडऩ से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई के लिए आयोग हमेशा तत्पर है। आयोग में नियमित जन सुनवाई के अलावा जिलों का भ्रमण कर महिला उत्पीडऩ से जुड़े मामलों की समीक्षा की जाएगी।
इस मौके पर रियाज ने यूक्रेन से लौटे बरजांगसर के इस्लाम खान को शुभकामनाएं दीं। सुबोध मासूम ने जौहरी सागर क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी व ऐतिहासिक गढ़ के संरक्षण की आवश्यकता जताई। अख्तर खान ने छात्रावास जमीन आवंटन के लिए किए गए विशेष प्रयासों के लिए आभार जताया। इस मौके पर कांग्रेस नेता रतनलाल जांगिड़, पूर्व प्रधान रणजीत सातड़ा, राधेश्याम चोटिया, पार्षद नरेंद्र सैनी, विकास मील, राजेंद्र कल्ला, हेमंत सिहाग, उस्मान अंसारी, आबिद मोयल, रामेश्वर कस्वां बूंटिया, महबूब खान व मदनलाल शर्मा आदि ने महिला आयोग अध्यक्ष का स्वागत किया। आयोग अध्यक्ष बुधवार सुबह 10 से 12 बजे तक सर्किट हाऊस में जन समस्याएं सुनेेंगी।
मिला राज्यमंत्री का दर्जा
हाल ही में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष मनोनीत कांग्रेस नेता रेहाना रियाज को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है। रियाज को राज्यमंत्री का दर्जा मिलने को लेकर कांग्रेसजनों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी, बृजकिशोर शर्मा व चंद्रभान को कैबिनेट तथा अन्य सभी को राज्यमंत्री का दर्जा राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है। राज्य मंत्री के आदेश शीघ्र ही सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी किए जाएंगे।



















