सूरज का सितम, सडक़ों पर सन्नाटा, दमकल से छिडक़ाव कर राहत की कवायद 49.6 डिग्री पर तपा दूसरे दिन

चूरू,(पीयूष शर्मा)27 मई। शहर मे नौतपा की शुरुआत के बाद से लगातार तीसरे दिन बुधवार को पड़ी भीषण गर्मी के कारण सडक़ें लोहार की भट्टी सी तपी।
उधर नए वैश्विक रिकॉर्ड बना रही भीषण गर्मी से आमजन को राहत दिलाने के लिए नगर परिषद प्रशसन ने सभापति पायल सैनी के निर्देश पर लगातार दूसरे दिन सडक़ों पर दमकल से पानी का छिडक़ाव करवाया। अल सुबह आठ बजे से देर शाम तक पड़ी गर्मी के कारण बाजारों में सडक़ों पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर में जरूरी कामों से घरों से बाहर निकले लोग थडिय़ों पर जूस-पानी से हलक तर करते नजर आए। मौसम विभाग ने बुधवार को अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

बेवजह ना निकलें घर से

नगरपरिषद सभापति पायल सैनी ने मौसम विभाग की ओर से गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किए जाने को लेकर आमजन से बेवजह घर से बाहर ना निकलने की अपील की। उन्होंने कहा कि जरूरी कामों के लिए बाहर निकलते समय सिर को ढंककर व पर्याप्त पानी पीकर निकलें। छाछ, दही, राबड़ी, प्याज आदि का सेवन करें। खाली पेट घर से ना निकलें।

You might also like