शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गोयल दंपती का किया सम्मान

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सेवा एवं सहयोग के लिए तारानगर के भामाशाह ताराचंद गोयल एवं विम्पी गोयल का आदर्श विद्या मंदिर परिवार की ओर से सम्मान किया गया। आदर्श विद्या मंदिर प्रबंध समिति के प्रतिनिधि राधाकृष्ण गौशाला पहुंचे और गोयल दंपती का अभिनंदन करते हुए उनके शैक्षणिक योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। ताराचंद गोयल द्वारा आदर्श विद्या मंदिर एवं राजकीय मां जलपा देवी महाविद्यालय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विकास में उल्लेखनीय सहयोग दिया गया है। अब वे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, तारानगर को नया स्वरूप देने के लिए भव्य एवं सुविधायुक्त भवन के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालय समिति ने गोयल दंपती को उनके द्वारा आदर्श विद्या मंदिर को प्रदान किए गए भवन का अवलोकन करने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया। समिति की ओर से उन्हें विद्यालय में विकसित की गई विभिन्न अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं एवं इंटीग्रेटेड बोर्ड सहित शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन करने का आग्रह किया गया, ताकि उनके सहयोग से साकार हुए इस शैक्षणिक परिसर की उपलब्धियों से वे रूबरू हो सकें। आदर्श विद्या मंदिर परिवार ने गोयल दंपती के शिक्षा के प्रति समर्पण एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका योगदान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सदैव स्मरणीय रहेगा।

You might also like