महिला एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी एसीबी के हत्थे चढ़े, दहेज केस में राहत दिलाने के नाम पर मांगे थे दो लाख रुपए
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जयपुर नगर-प्रथम टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित एचएएल पुलिस थाने की महिला उप निरीक्षक (एसआई) सहित तीन पुलिसकर्मियों को चालीस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कियाहै। आरोपितों पर दहेज प्रकरण में कार्रवाई को प्रभावित करने और परिवारजनों को राहत दिलाने के नाम पर दो लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में महिला उप निरीक्षक अनीथा के., हेड कांस्टेबल उलवप्पा और हेड कांस्टेबल यतीश शामिल हैं, जो कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित एचएएल पुलिस थाने में तैनात हैं।
एसीबी को मिली शिकायत में जयपुर निवासी परिवादी ने बताया कि उसकी पुत्रवधू ने उसके और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ बेंगलुरु के एचएएल पुलिस थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया हुआ है। इस मामले की जांच के सिलसिले में महिला एसआई अनीथा अपने दोनों साथियों के साथ जयपुर आई थीं।
परिवादी का आरोप था कि पुलिसकर्मी केस को हल्का करने तथा परिवारजनों को आरोपों से राहत दिलाने के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे थे। रिश्वत नहीं देने पर कार्रवाई करने का दबाव बनाया जा रहा था।
इसके बाद एसीबी की टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया। जांच में 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। आरोपियों ने परिवादी को अगले दिन तक राशि की व्यवस्था करने को कहा था। इस परिवादी ने बताया कि वह तत्काल केवल 40 हजार रुपए की व्यवस्था कर सकता है। इस पर आरोपियों ने शेष 1.60 लाख रुपए बाद में बेंगलुरु में देने की बात कहते हुए रविवार सुबह होटल में बुलाया।
जिसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। जहां रविवार सुबह विधायकपुरी स्थित होटल गणगौर में परिवादी ने आरोपी हेड कांस्टेबल उलवप्पा को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। बाद में पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर महिला एसआई अनीथा के. तथा हेड कांस्टेबल यतीश की भी मामले में संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान महिला एसआई अनीथा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। एसीबी टीम ने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें रक्तचाप (बीपी) संबंधी समस्या थी।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि