विद्यार्थियों को दिए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के टिप्स

निसं
जयपुर (नवयत्न)। जयपुर पूर्व पुलिस की ओर से सोमवार को स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में एक दिवसीय साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। डीजीपी/आईजीपी पुलिस सम्मेलन-2024 की सिफारिश संख्या-12 की अनुपालना तथा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित दो वर्षीय कार्यक्रमों की कड़ी में कार्यशाला हुई। साइबर अनुसंधान इकाई जयपुर पूर्व की सहायक पुलिस आयुक्त प्रियंका वैष्णव, महिला थाना थानाधिकारी मंजू चौधरी तथा साइबर अनुसंधान इकाई के पुलिसकर्मी अशोक कुमार और राजकुमार ने विद्यार्थियों व कॉलेज स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक तरीके बताए। इस कार्यशाला में ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल सहित विभिन्न साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संदिग्ध लिंक, कॉल या गतिविधियों से सावधान रहने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं और संस्थान के स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। पुलिस ने बताया कि युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

You might also like