30 लाख से बने टॉयलेट पर 7 साल से लटका है ताला
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ ( नवरतन वर्मा )। कस्बा राजलदेसर से होकर गुजर रहे नेशनल हाइवे 11 पर आमजन की सुविधा के लिए बनाए गए वातानुकूलित शौचालय पर बीते सात साल से ताला लटका हुआ है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद से ही इस पर ताला लगाए जाने से आज तक आमजन को इसकी सुविधा तक नहीं मिल पाई है।स्वच्छ भारत मिशन के तहत मुख्यमंत्री की बजट कर घोषणा 2018-19 तहत कस्बे स्वच्छता को बढ़ावा देने व आमजन को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से इसका निर्माण करवाया गया था। निर्माण पूरा होने के बाद इसका उद्घाटन करवाने के लिए नगर पालिका की ओर से इस पर ताला लगा दिया गया। आज तक उद्घाटन नहीं होने के कारण इसका ताला भी नहीं खुल पाया है। पूर्व पालिकाध्यक्ष गोपाल मारू के कार्यकाल में बने इस वातानुकूलित शौचालय पर करीब 30 लाख रुपए का बजट खर्च किया गया था। न तो उनके कार्यकाल में इसका उद्घाटन हो पाया और न ही पांच साल गंगादेवी के पालिकाध्यक्ष रहने के दौरान उद्घाटन करवाकर इसको आमजन के लिए खोले जाने को लेकर कोई प्रयास किया गया।हालांकि ईओ कुंदन देथा ने हाल ही में इसको शुरू करवाने की बात कहीं थी, लेकिन दो-तीन दिन पहले ही वे भी एपीओ हो गए। निर्माण पर लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद आमजन को इस वातानुकूलित शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है। यह शौचालय उत्तरी मुक्तिधाम परिसर में 30 बाई 24 फीट एरिया में बना हुआ है।आमजन की सुविधा को देखते हुए सही स्थान का चयन कर इस शौचालय का निर्माण करवाया गया था। अगर इस शौचालय को अब भी खोल दिया जाए, तो तहसील कार्यालय, पुलिस थाना, उत्तरी मुक्तिधाम आदि स्थानों पर आने वाले लोगों को जरूरत के समय इसकी सुविधा मिल सकती है। शौचालय में महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग वेटिंग रूम व 11 बाथरूम बनाए गए हैं।मौसम के अनुसार गर्म व ठंडा पानी उपलब्ध करवाने के लिए गीजर, वाटर कूलर व आरओ के लिए भी स्थान निर्धारित किया हुआ है। इसके अलावा 30 गुणा 10 फीट का सेफ्टी टैंक, एक स्टोर रूम, वेटिंग हॉल व एक केयर टेकर कक्ष का निर्माण भी इसमें करवाया गया। पानी की पर्याप्त उपलब्धता रहे, इसके लिए परिसर में ही एक भी ट्यूबवैल खुदवाया गया था।