बबाई के अशोकनगर में डीपी चोरी, गांव की बिजली सप्लाई बंद
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। बबाई थाना क्षेत्र के अशोकनगर गांव में बीती रात चोर बिजली की डीपी उतारकर ले गए। डीपी चोरी होने के बाद गांव की बिजली सप्लाई बंद हो गई और ग्रामीणों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। ग्रामीण विजेश कुमार ने बताया कि रात को अचानक गांव की बिजली सप्लाई बंद हो गई। ग्रामीणों ने पहले लाइन में फॉल्ट होने की आशंका जताई। सुबह अशोकनगर तिबारे से पहले बिजली के पोल के पास जाकर देखा तो गांव की सप्लाई के लिए लगाई गई डीपी गायब मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि अज्ञात चोर रात के समय डीपी उतारकर ले गए। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार डीपी में ऑयल और तांबे की कॉइल होती है। चोर इन्हें निकालकर महंगे दामों में बेच देते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली की डीपी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से अज्ञात चोरों का पता लगाकर कार्रवाई करने तथा बिजली सप्लाई जल्द बहाल कराने की मांग की है।