एक पौधा लोकतंत्र के नाम अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

निसं
बीदासर (नवयत्न)। कस्बे के नोखा रोड स्थित सांवरलाल सुशीला देवी राजकीय महाविद्यालय, बीदासर में एक पौधा लोकतंत्र के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य देवी प्रसाद वर्मा, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर प्राचार्य देवी प्रसाद वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, जिम्मेदारी, समानता एवं कर्तव्यबोध से लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक पौधे की नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनाया जाता है, उसी प्रकार लोकतांत्रिक मूल्यों को भी निरंतर प्रयास और जिम्मेदारी के साथ मजबूत करना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने लोकतंत्र के महत्व, नागरिक अधिकार एवं कर्तव्य, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका को लेकर चर्चा की। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोकतांत्रिक चेतना, जिम्मेदारी एवं सहभागिता की भावना विकसित करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

You might also like