संत चिमननाथ महाराज की 40वीं पुण्यतिथि पर दो दिवसीय धार्मिक आयोजन
निसं
झुंझुनूं (नवयत्न)। स्थानीय चंचलनाथ टीले पर संत चिमननाथ महाराज की 40वीं पुण्यतिथि के अवसर पर चिमन महोत्सव 15 एवं 16 अगस्त को दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम टीले के पीठाधीश्वर ओमनाथ महाराज के सानिध्य में होंगे। टीले के संत विचारनाथ महाराज ने बताया कि 15 अगस्त 10 बजे रुद्राभिषेक रात 9 बजे से विराट भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें साधु-संतों सहित शेखावाटी के प्रसिद्ध स्थानीय कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। 16 अगस्त को सुबह 8 बजे समाधि स्थल पर पूजा-अर्चना, आरती एवं भोग लगाकर संत चिमननाथ महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सुबह 9 बजे से साधु-संतों के लिए भंडारे का आयोजन होगा। वहीं सुबह 11 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए भंडारा शुरू होगा, जो रात्रि 9 बजे तक चलेगा। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं प्रसादी ग्रहण करेंगे। पुण्यतिथि समारोह को लेकर चंचलनाथ टीले को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। समाधि स्थल सहित पूरे टीले परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और सजीव फूलों से भव्य रूप से सजाया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर संत चिमननाथ महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा भंडारे की प्रसादी ग्रहण करने का आह्वान किया है।