दुपहिया वाहन चुराने वाला वाहन चोर चढा पुलिस के हत्थे
निसं
जयपुर (नवयत्न) । सिंधी कैंप थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की है। आरोपी ने नशे की लत और व्यक्तिगत उपयोग के लिए बाइक चोरी करना स्वीकार किया है। पहचान छिपाने के लिए उसने बाइक की नंबर प्लेट भी तोड़ दी थी।
डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार सिंधी कैंप थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर वाहन चोर सुरेंद्र कुमार बुनकर उर्फ सोनू (26) निवासी हसनपुरा को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर ली। आरोपी से शहर में हुई अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
थानाधिकारी वंदना नरूला ने बताया कि 22 अगस्त को जितेंद्र कुमार ने जंगलेश्वर महादेव मंदिर, सवाई जयसिंह हाईवे के बाहर से अपनी टीवीएस राइडर बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर सिंधी कैंप थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ गोपनीय सूचना जुटाई। जांच के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बाइक के साथ संदिग्ध युवक को पकड़ा।