मुंबई के भिंडी बाजार से आया था त्यौंदा का पॉजिटिव पाया गया व्यक्ति
खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)16 मई। त्यौंदा गांव का एक व्यक्ति पॉजिटिव आने के बाद से प्रशासन व चिकित्सा विभाग ने पूरे गांव का दौरा कर चिकित्सा विभाग की टीम को सर्वे में लगा दिया है। उपखंड अधिकारी शिवपाल जाट व खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरीश यादव ने बताया कि त्यौंदा पंचायत के गोविंदासपुरा निवासी व्यक्ति 11 मई को अपने परिवार में लगने वाले भाई के साथ मुंबई के भिंडी बाजार से पनियाला मोड़ तक ट्रक में बैठकर तथा उसके बाद एक बोलेरो गाड़ी में लिफ्ट लेकर घर तक आए थे जहां परिजनों ने आने से पूर्व ही खेत में बने एक कमरे में रहने की व्यवस्था कर दी थी उनका खाना भी पहले ही उस कमरे में रखवा दिया गया था। दूसरे दिन सुबह दोनों व्यक्तियों को सिंघानिया यूनिवर्सिटी में बने क्वारेंटाइन वार्ड में ले जाकर भर्ती करवा दिया गया था तथा उनके सैंपल जांच के लिए भिजवाए गए थे जहां एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया दूसरे व्यक्ति की जांच अभी आनी शेष है। चिकित्सा विभाग की तीन टीमें बनाकर पूरे गांव का सर्वे करवाया जा रहा है जहां खांसी, जुकाम, बुखार के मरीजों को चिह्नित कर उनको चिकित्सीय परामर्श दिया जा रहा है। इस पॉजिटिव व्यक्ति को उपचार के लिए झुंझुनूं के भगवानदास खेतान अस्पताल में भिजवाया जाएगा। इस मौके पर एडिशनल एसपी मोहम्मद अयूब खान, थाना अधिकारी शीशराम मीणा, आरआर टीम प्रभारी डॉ महेंद्र सैनी, डॉ राजन मेहाल, सुनील सैनी, संदीप बबेरवाल, भंडार पाल अनिल कुमावत, वाहन चालक मुकेश सैनी सहित अन्य कर्मचारी की टीम मौके पर मौजूद रही।