बाल कलाकार: यू-ट्यूब स्टार लाव्या ने मनाया अपना पांचवा जन्मदिन
‘गजबण पाणी नै चाली’ फेम लाव्या के पिता ने किया रक्तदान
चूरू,(पीयूष शर्मा)17 मई। ‘गजबण पाणी नै चाली’ फेम शहर की पांच वर्षीय यू-ट्यूब स्टार लाव्या शर्मा ने 17 मई को अपना पांचवा जन्मदिन मनाया।
देश-विदेश (खासकर हरियाणा) में बसे मासूम नृत्यांगना लाव्या के फेसबुक-यू-ट्यूब फैंस ने भी उसके पिता समाजसेवी श्रीराम पीपलवा के मोबाइल पर शुभकामनाएं देकर उसकी हौसलाफजाई की। उधर पिता श्रीराम ने जीवन में 16वीं बार रक्तदान कर अपनी बेटी का जन्म दिन मनाया। आमजन को बेटी बचाने का संदेश देते हुए पीपलवा ने कहा, बेटियां सौभाग्य से मिलती हैं।
लाव्या को यू-ट्यूब पर देख चुके 47 लाख दर्शक
मासूम बाल कलाकार लाव्या के नृत्य को अब तक यू-ट्यूब पर 47 लाख लोग देख चुके हैं। वहीं फेसबुक पेज हरियाणा बोल पर इस डांस वीडियो को अब तक दो लाख सात मीलियन दर्शक, दो लाख 31 हजार लोग पसंद कर चुके हैं। इसके अलावा तीन लाख सात हजार दर्शक कमेंट और 12 हजार दर्शक अपनी फेसबुक वाल से इसे शेयर कर चुके हैं।
लाव्या यूं रातों-रात बनीं यू-ट्यूब-फेसबुक स्टार
शहर के मैरीगोल्ड वल्र्ड सीनियर सैकंडरी स्कूल में दिसंबर 2019 में सांस्कृतिक प्रतियोगिता कार्यक्रम सतरंग फेस्ट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल की नन्ही छात्रा प्रतिभा नगर निवासी लाव्या शर्मा ने भी हरियाणवी गीत ‘गजबण पाणी नै चाली’ पर युगल नृत्य की प्रस्तुति दी थी। लाव्या के इस गीत को स्कूल प्रबंधक शिक्षासेवी अभिषेक चोटिया ने छह जनवरी को यू-ट्यूब पर अपलोड कर दिया। उसके बाद इस डांस वीडियो को रातों-रात करीब एक लाख लोगों ने देख और लाव्या यू-ट्यूब स्टार बन गई। बाद में फेसबुक पेज हरियाणा बोल पर इसे शेयर किया गया तो वहां भी दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया।
बेटी के जन्म दिन को बनाया यादगार
जीवन में 16वीं बार रक्तदान कर अपनी बेटी के जन्म दिन को यादगार बनाने वाले श्रीराम पीपलवा लोकडाउन के दौरान सैकड़ों मरीजों तक उनकी दवा पहुंचा कर उन्हें राहत पहुंचा चुके हैं। ब्लड बैंक प्रभारी डा. रवि शर्मा ने पीपलवा की इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए बेटी लाव्या को शुभकामनाएं दी।
