पुलिस ने विशेष अभियान के तहत करीब 60 हजार रुपये मूल्य के 4 मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर पुलिस ने आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजलदेसर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी एवं गुम हुए करीब 60 हजार रुपये मूल्य के 4 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। पुलिस के अनुसार साइबर सेल एवं CEIR पोर्टल की सहायता से गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोनों को ट्रेस कर सफलतापूर्वक बरामद किया गया। रविवार को पुलिस थाना परिसर में पुलिसकर्मी विद्याधर एवं संदीप ने मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को जब उनके फोन लौटाए गए तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल प्राप्त करने वाले नागरिकों ने राजलदेसर पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। थानाधिकारी सुरेन्द्र बारुपाल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पीड़ित परिवादियों को राहत प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि कई बार लोगों की मेहनत की कमाई से खरीदे गए मोबाइल फोन चोरी हो जाते हैं या कहीं गुम हो जाते हैं, जिससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार साइबर तकनीक और आधुनिक संसाधनों का उपयोग करते हुए मोबाइल फोनों को ट्रेस कर बरामद किया गया। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें तथा CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।

You might also like