गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत महिलाओं ने उठाई मांग: गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करो
धीरज दीक्षित
सीकर (नवयत्न)। बोलता बालाजी मंदिर, आनंद नगर में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर अपना समर्थन व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान अभियान की मुख्य प्रचारक संध्या अवस्थी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान पूर्णतः गौ माता एवं गोवंश के प्रति सम्मान और उनके संरक्षण की भावना से प्रेरित है। इसमें किसी भी प्रकार की राजनीति या अनुदान का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का एकमात्र उद्देश्य सरकार से आग्रह कर गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाना है।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 27 अप्रैल को देशभर में एक साथ प्रार्थना पत्र भेजे जाएंगे, जिनमें गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग उठाई जाएगी। उन्होंने वर्तमान समय में गोवंश संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और कृषि व्यवस्था की आधारशिला हैं, और उनके संरक्षण से ही समृद्ध समाज की कल्पना साकार हो सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने एकजुट होकर इस अभियान को पूर्ण समर्थन देने का संकल्प लिया और 27 अप्रैल को प्रार्थना पत्र सौंपने की तैयारी में जुटने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर तृप्ति त्रिपाठी, नैना मिश्रा, सुमन मिश्रा, सरस्वती शर्मा, गायत्री, लाजवंती, सरिता, पूनम सहित अन्य कई महिलाएं उपस्थित रहीं।