उपभोक्ता समिति चलाएगी जागरूकता अभियान
चिड़ावा,(विजेंद्र सिंह लमोरिया)16 मई। झुंझुनूं जिला उपभोक्ता समिति की ओर से कोरोना के संकट काल में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की गाइड लाइन के अनुसार झुंझुनूं जिले में एक विस्तृत जागरूकता अभियान का संचालन किया जाएगा। समिति के जिलाध्यक्ष प्रभुशरण तिवाड़ी ने बताया कि यह पूरा अभियान एकल कार्यकर्ता स्वरूप के अंतर्गत होगा। इसमें समिति के प्रत्येक पंचायत समिति प्रभारी उपभोक्ता प्रहरी के रूप में प्रत्येक ग्राम पंचायत पर एक उपभोक्ता प्रहरी बनाएंगे तथा प्रत्येक नगर के प्रभारी वार्ड स्तर पर उपभोक्ता प्रहरी बनाएंगे। ये उपभोक्ता प्रहरी प्रत्येक दुकानदार एवं ग्राहक को मास्क पहनने, दो मीटर की दूरी रखने एवं सबको आरोग्य सेतु ऐप से जोड़ने का कार्य करेंगे। समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हीरालाल शर्मा खाजपुर, उपभोक्ता प्रहरी प्रकोष्ठ समन्वय प्रभारी बलदेवराम थलिया, समिति के संगठन प्रभारी कैप्टन शंकर लाल महरानियां चिड़ावा को इस जागरूकता कार्यक्रम का प्रभारी बनाया गया है। जो नियमित पर्यवेक्षण कर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे। तिवाड़ी ने बताया कि सभी उपभोक्ता प्रहरी जागरूकता के अलावा बाजार पर भी नजर रखेंगे कि कोई उपभोक्ता का शोषण तो नहीं कर रहा। उपभोक्ता प्रहरी प्रकोष्ठ के प्रभारी ने बताया कि इसके लिए वाट्सएप ग्रुप जो कार्य कर रहा है। उसका दायरा बढ़ाकर उसमें पूरे जिले के उपभोक्ता प्रहरी जोड़े जाएंगे। संबंधित अधिकारी भी इस ग्रुप के संपर्क में रहेंगे। समिति ने प्रशासन से भी मांग की है कि प्रत्येक दुकानदार मास्क लगाकर ही दुकान पर बैठेगा व बिना मास्क वाले ग्राहकों को सामान नहीं देगा। साथ ही प्रत्येक दुकानदार आरोग्य सेतु ऐप से अनिवार्य जुड़ेगा। दुकान पर आने वाले ग्राहकों से पर्याप्त दूरी बनाने की जिम्मेदारी भी दुकानदार की हो यह बात भी सख्ती से लागू करवाए।