13 साल से फरार चल रहा है वाहन चोर गिरफ्तार

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । जवाहर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 साल से फरार एक वाहन चोर को दबोचा है, जिसे पहले ही न्यायालय द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि मुख्यालय स्तर पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त व सहायक पुलिस आयुक्त के निर्देशन में जवाहर नगर थाना प्रभारी महेश चंद्र गुर्जर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
जवाहर नगर थाना प्रभारी महेश चंद्र गुर्जर ने बताया कि
परिवादी गौरव झांवर निवासी जवाहर नगर ने वर्ष 2013 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मोटरसाइकिल (नंबर RJ-06 SL 2434) घर के बाहर खड़ी थी। जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। इस संबंध में जवाहर नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुरेश मीणा निवासी बड़ा गांव, पुलिस थाना बौंली जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली थी। बाद में आरोपी के खिलाफ चालान पेश किया गया, लेकिन न्यायालय में पेश नहीं होने पर उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया।
हाल ही में गठित टीम ने तकनीकी सहायता और सूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिसकर्मी विनोद कुमार और बनवारी लाल की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

You might also like