परिवार गुरुग्राम गया, पीछे से घर के ताले तोड़कर सोने – चंादी जेवरात और 60 हजार रुपए ले गए चोर
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। थाना क्षेत्र के ककराय गांव में परिवार के गुरुग्राम जाने के बाद चोर मकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और करीब 60 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। परिवार रविवार को वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा मिला। अलमारी सहित अन्य जगहों के ताले टूटे देखकर चोरी का पता चला। पीड़ित अनिल कुमार ने खेतड़ी थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दी है। पीड़ित ने बताया कि वह परिवार के साथ गुरुग्राम गया हुआ था। परिवार के सदस्य रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे घर पहुंचे। अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर अलमारी के ताले टूटे मिले और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी गायब थी। चोरी हुए सामान में चांदी की पायजेब, सोने के आभूषण, कानों के आभूषण सहित अन्य जेवरात बताए गए हैं। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को देने के बाद पुलिस को सूचना दी गई और लिखित शिकायत दी गई।
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
थानाधिकारी बुद्धि प्रसाद ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ अज्ञात आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी चोरी की वारदात को लेकर चिंता है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।