महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । पचार के राजस्व गांव हनुमान नगर में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान वार्ड संख्या 11 निवासी मधु देवी (43) पत्नी धर्मचंद कुमावत के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मचंद कुमावत मजदूरी के सिलसिले में नागपुर गए हुए थे। घर में मधु देवी, उनका पुत्र तथा अन्य परिजन रात को भोजन करने के बाद सो गए थे। परिजनों के अनुसार मधु देवी प्रतिदिन सुबह जल्दी उठ जाती थीं, लेकिन गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उनकी सास ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुत्र आर्यन को बुलाया गया।
आर्यन ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो उसकी मां मधु देवी कमरे में लगे हुक से रस्सी के फंदे पर लटकी हुई मिलीं। घटना का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शोर सुनकर पड़ोसी हीरालाल कुमावत, भागचंद कुमावत सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों एवं पड़ोसियों की सहायता से शव को नीचे उतारा गया।
घटना की सूचना मृतका के पीहर पक्ष को दी गई, जिसके बाद पिता, भाई, चाचा सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। पीहर पक्ष की मांग पर पुलिस को सूचना दी गई तथा पोस्टमार्टम करवाने का निर्णय लिया गया।
ग्राम प्रशासक राहुल कुमावत ने दांतारामगढ़ पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खाचरियावास भेजा गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतका का अंतिम संस्कार करवा दिया।