राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल हो रहा महिला आरक्षण: डोटासरा

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महिला आरक्षण, परिसीमन और जनगणना को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविक रूप से इसे लागू करने में देरी की जा रही है।

डोटासरा ने कहा कि 22 सितंबर 2023 को संसद में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समय कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए इसका समर्थन किया था, हालांकि वे इसे परिसीमन और जनगणना से जोड़ने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले बिल पारित कर राजनीतिक लाभ लिया और बाद में इसके क्रियान्वयन में देरी की।

उन्होंने कहा कि 2021 में प्रस्तावित जनगणना अब तक पूरी नहीं करवाई गई, जबकि महिला आरक्षण लागू करने के लिए यह आवश्यक है। साथ ही आरोप लगाया कि केंद्र सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है और ओबीसी वर्ग को आरक्षण से वंचित रखने की मंशा रखती है।

डोटासरा ने यह भी कहा कि भाजपा ने 16 अप्रैल 2026 को देर रात महिला आरक्षण कानून का गजट नोटिफिकेशन जारी किया, जो यह दर्शाता है कि सरकार दबाव में आकर निर्णय ले रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि सरकार की मंशा स्पष्ट होती तो 2023 के बाद तुरंत जनगणना कराकर महिला आरक्षण लागू किया जा सकता था।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह परिसीमन के जरिए संसद की सीटों में बदलाव कर अपने पक्ष में राजनीतिक संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है। साथ ही कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और आमजन के बीच जन-जागरण अभियान चलाएगी।

इस दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने भी भाजपा पर महिलाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दों पर संवेदनशीलता नहीं दिखाई है। उन्होंने घोषणा की कि महिला कांग्रेस मुख्यमंत्री आवास तक रैली निकालकर महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने की मांग करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी और भाजपा की नीतियों को जनता के सामने उजागर करेगी।

You might also like