सीकर-चुरू पैसेंजर ट्रेन में चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में नीचे गिरा युवक

निसं 

फतेहपुर शेखावाटी (नवयत्न)। सीकर से चुरु की ओर जा रही डेमू (DEMU) ट्रेन में आज बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी एक यात्री के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी, हालांकि गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार कम होने से उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा आज बुधवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे हुआ। सीकर से चलकर चुरु की ओर जाने वाली डेमू ट्रेन जब फतेहपुर स्टेशन से रवाना हो रही थी, तभी एक व्यक्ति ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान सही से पैर नहीं टिकने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रेन के नीचे जा गिरा। ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की गति धीमी थी, अन्यथा परिणाम बेहद घातक हो सकते थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद रेल कर्मचारियों और लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाला। घायल व्यक्ति को तुरंत राजकीय उप जिला अस्पताल, फतेहपुर पहुँचाया गया ।

You might also like