कैश वैन लूट में 46 लाख रुपए बरामद : बाल्टी में छिपाकर रखे थे नोटों के बंडल

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । नोखा पांचू थाना क्षेत्र में 5 अगस्त को हुई एटीएम कैश वैन लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी बरामदगी की है। पुलिस ने मंगलवार अलसुबह आरोपियों की निशानदेही पर 46 लाख रुपए नकद बरामद किए। रकम प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाकर रखी गई थी। इसमें 500 और 100 रुपए के नए नोटों की गड्डियां मिली हैं। पुलिस ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लूटी गई रकम छिपाने की जगह के बारे में जानकारी दी। इसके बाद मंगलवार अलसुबह पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाकर रखे 46 लाख रुपए बरामद कर लिए।
5 अगस्त को कैश वैन से लूटे थे 51 लाख
गौरतलब है कि 5 अगस्त को पांचू थाना क्षेत्र में एटीएम कैश वैन से 51 लाख रुपए लूटे गए थे। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया था। अब उनकी निशानदेही पर 46 लाख रुपए की बरामदगी हुई है।पुलिस अब वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही लूट की शेष रकम बरामद करने के प्रयास भी जारी हैं।
पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी
जिले में हुई इस बड़ी नकदी लूट के मामले में 46 लाख रुपए की बरामदगी को पुलिस की अब तक की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश और सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन में पांचू सीआई ईश्वर प्रसाद जांगिड़ की टीम ने की।

You might also like