10 मजदूरों को बस ने रौंदा, छह की मौत

मुजफ्फरनगर,14 मई। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर घलौली चैकपोस्ट से आगे रोहाना टोल प्लाजा के पास सड़क पर बुधवार देर रात 10 मजदूरों को बस ने कुचल दिया। यह दस मजदूर पंजाब से पैदल बिहार के गोपालगंज जिले में अपने घर जा रहे थे। सड़क पर पड़े इनके कपड़े, चप्पलें और अन्य सामान इनकी थकावट की उस कहानी को बयान कर रही थी, जो सिर्फ एक चीख से खत्म हो गई। हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि चार अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। बिहार में गोपालगंज जिले के निवासी कई मजदूर पंजाब में मजदूरी करते हैं। लॉकडाउन में वहीं फंसकर रह गए थे। बेकारी में बेगारी से बचने के लिए वह पैदल ही अपने घर के लिए निकल पड़े थे। सफर लंबा था, लेकिन मुसाफिरों में हिम्मत बहुत थी, इनको पता नहीं था कि वह अपने अंतिम सफर पर निकले हैं। तेज रफ्तार से आई एक बस ने उनके परिवार की खुशहाली की उस उम्मीद को भी खत्म कर दिया, जिसके लिए वह परिवार को छोड़कर दूर दूसरे राज्य में मजदूरी कर रहे थे। वहीं टोल पर बैठे सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि मजदूर पैदल आ रहे थे। रोडवेज ड्राइवर की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है।

You might also like