खाद्य पदार्थो के 14 सैम्पल भेजे जयपुर

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं ताजा खाद्य सामग्री उपलब्ध हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर जांच के लिए सैम्पल लिए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया ने बताया कि जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देशन में जिले में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत विभाग की टीमों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह बाजिया, महमूद अली, नंदराम मीणा, सुरेश कुमार शर्मा ने रामगढ़ शेखावाटी क्षेत्र में विभिन्न खाद्य पदार्थो की दुकानों का निरीक्षण किया। वहीं घी, बेसन, रसगुल्ला, मैदा पेठा, मावा पेड़ा आदि मिठाइयों के 14 सैम्पल लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भिजवाए। इस दौरान खाद्य व्यापारियों को आवश्यकता तथा डिमांड के अनुसार मिठाई बनाने, मिठाईयां बनाकर उनका संग्रहण नहीं करने, प्रतिष्ठान में साफ सफाई रखने के लिए पाबंद किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह बाजिया ने सभी उपरोक्ताओं से खाद्य पदार्थ खरीदते हुए निर्माण तिथि एवं अवधिपार तिथि की जांच आवश्यक रूप से करने की अपील की है।

You might also like