शराब तस्कर समेत रंगदारी मांगने वाला बदमाश गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। निकाय चुनाव की आदर्श आचार संहिता के बीच जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में एक इनामी शराब तस्कर और रंगदारी मांगने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्कर के कब्जे से 13 पेटियों में 552 पव्वे अवैध शराब और बीयर तथा एक मारुति सुजुकी जेटा हाइब्रिड कार जब्त की है। वहीं, रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। डीसीपी उत्तर करण शर्मा ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने द्वारका फार्म के पास नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध जेटा हाइब्रिड कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से हरियाणा व अन्य राज्यों की अवैध शराब और बीयर बरामद हुई। मामले में सुरमा सांसी निवासी बस्सी, हाल जयसिंहपुरा खोर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ 26 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह शराब तस्करी के लिए इनामी भी है। पूछताछ में सामने आया कि वह दूसरे राज्यों से शराब लाकर अपनी परिचित महिलाओं के माध्यम से आगे सप्लाई करवाता था। वहीं दूसरी कार्रवाई में जमीन कारोबारी के केयरटेकर को हथियार दिखाकर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे विश्वास पाराशर उर्फ विशु निवासी सदर, जयपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद नेपाल, महाराष्ट्र, कर्नाटक और मध्यप्रदेश में ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर उसे सदर क्षेत्र से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल देशी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

You might also like