पुलिस कार्रवाई: ट्रांसपोर्ट व्यवसायी के गोदाम से 23 लाख रुपए का पान मसाला-तम्बाकू जब्त
कई गुना अधिक कीमत पर बेच रहा था ट्रांसपोर्ट व्यवसायी
चूरू,(पीयूष शर्मा)13 मई। पुलिस की स्पेशल टीम ने बुधवार को शहर में गोयनका स्कूल के पास प्रेमनगर स्थित एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी के गोदाम से करीब 10 लाख रुपए कीमत का तानसेन पान मसाला व तम्बाकू जब्त किया।
मौके से 88 बोरा तानसेन पानमसाला व 31 बोरा जर्दा जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक टैक्स सहित इसकी लागत करीब 23 लाख रुपए बताई जा रही है। लॉकडाउन के दौरान जिले में पान मसाला व तम्बाकू बिक्री के खिलाफ अब तक की ये सबसे बड़ी कार्रवाई है। स्पेशल टीम की सूचना पर थानाधिकारी सुभाषचंद्र कच्छावा के नेतृत्व में पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने जीएसटी एंटी विजन टीम को मामले की जानकारी दी।
एंटी विजन टीम ने सीज किया पान मसाला-तम्बाकू
ज्वाइंट कमिश्नर रामेंंद्र शर्मा की अगुवाई में मौके पर पहुंची जीएसटी एनटी विजन झुंझुनूं की टीम ने गोदाम में मिला पान मसाला व तम्बाकू सीज कर दिया। सूत्रों के मुताबिक लोकडाडन के दौरान लीलाधर उर्फ लीला नाम का ट्रांसपोर्ट व्यवसायी यहां से पान मसाला व तम्बाकू बाजार कीमत से कई गुना अधिक कीमतों पर बेच रहा था। जिसकी भनक पुलिस को लगने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
पांच रुपए का गुटखा 25 और 10 रुपए की खैनी 80 रुपए में
आपको बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण रोकथाम के लिए देशभर में लागू लोकडाउन के दौरान चूरू शहर व जिले के शहर-कस्बों गांवों के गली-मोहल्लों में बनी दुकानों पर चोरी छिपे तम्बाकू उत्पाद बेचे जा रहे हैं। तंबाकू उत्पादों की कालाबाजारी कर उन्हें पांच गुनी कीमत पर बेचा जा रहा है। पांच रुपए का गुटखा 25 रुपए तथा 10 रुपए की खैनी 80 रुपए तक में बेची जा रही है।
पुलिस ने कार्रवाई से पहले जुटाई पुख्ता जानकारी
एसपी तेजस्वीनि गौतम के मुताबिक सीओ सुखविंद्रपाल सिंह के निर्देशन में कोतवाली थानाधिकारी सुभाषचंद कच्छावा, जिला विशेष टीम प्रभारी अमित कुमार व टीम ने कार्रवाई से पहले पुख्ता जानकारी जुटाई। जानकारी मिली कि लीला ट्रांसपोर्ट का मालिक लीलाधर कसेरा पुत्र गोकुलचंद निवासी वार्ड 43 चूरू, वार्ड 44 में बड़ी मात्रा में गुटखे का स्टोक कर व्यापार कर रहा है। जिस पर पुलिस बल ने रामेंद्र शर्मा ज्वाइंट कमिश्नर स्टेट टैक्स झुंझुनूं व टीम के साथ मिलकर वार्ड 44 में स्थित गोदाम पर छापा मारा। जहां से 88 बोरा तानसेन पानमसाला व 31 बोरा जर्दा बरामद किया गया। बरामदशुदा गुटखा व जर्दा का अनुमानित मूल्य करीब 23 लाख रूपये है। जेएसटी एंटी विजन टीम ने मौके पर ही कार्रवाई शुरू कर दी। उक्त गुटखा बाजार में दो से तीन गुना दामों पर बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही थी। इस हिसाब से गुटखे की कालाबाजारी कीमत करीब 70 लाख रुपए है।