हत्यारे प्रेमी ने किया खुलासा क्यों मारा प्रेमिका को, प्रेमिका से करना चाहता था शादी, पेट्रोल से जलाकर मारने का आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
पाटन,(प्रवीण कुमार योगी)1 जून। पाटन थाना इलाके के अंतर्गत नाथा के नांगल में तीन रोज पहले प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को पेट्रोल डालकर जला दिया था। इसी प्रकरण का खुलासा करने के लिए पाटन थाने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश अग्रवाल, उप पुलिस अधीक्षक सांवरमल मल नागोरा व पाटन थाना अधिकारी नरेंद्र मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि प्रकरण में अभियुक्त बाकेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त बाकेश का प्रकरण में पीड़िता मृतका से करीब 3 साल से दोस्ती एवं प्रेम प्रसंग चल रहा था। अभी बाकेश एवं पीड़िता मृतका एक साथ कोचिंग सेंटर नीमकाथाना जाते थे । पीड़िता मृतका का एसएससी परीक्षा में चयन हो गया था।जिसके बाद से पीड़िता मृतका ने अभियुक्त बाकेश से बात करना बंद कर दिया। जिससे अभियुक्त बाकेश कई दिनों से खिन्नन था एवं पिछले 20 दिनों से तनाव में था ।
इसी कारण बाकेश ने 28 मई रात्रि को मांवडा से पेट्रोल व एल्ड्रिन की शीशी खरीदी। रात्रि करीब 11 बजे अभियुक्त बाकेश एक प्लास्टिक की बाल्टी में पेट्रोल की पीपी को रखकर पीड़िता के घर के पास स्थित पीड़िता के ताऊ के घर के पास बने बाथरूम से एक ईंट लगाकर पीड़िता के घर के अंदर पहुंचा। छत से पेट्रोल को पीड़िता की चारपाई पर डाल दिया एवं आग लगा दी। जलाने के लिए उसने एक डंडे पर मशाल बनाया ।जिससे आसानी से आग लग सके उसके बाद अभियुक्त कूदकर अपने घर के पास स्थित मंदिर में आ गया।
जहां पूर्व में रखी एल्ड्रिन की शीशी पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया एवं आत्महत्या करने से पूर्व घटना को छुपाने के उद्देश्य से पुलिस को भ्रमित करने के लिए अपने पड़ोसी द्वारा आत्महत्या करने हेतु विवश करने संबंधी सुसाइड नोट लिखकर अपने दोस्त, मामा को व्हाट्सएप किया।
विदित रहे कि अभियुक्त बाकेश अपने दोस्तों के साथ व्हाट्सएप एवं चैट में भी खुद के परेशान होने की व मिलने की बात कही थी एवं इसी वजह से बहुत ही परेशान चल रहा था। अभियुक्त बाकेश को उसके परिजन नीमकाथाना अस्पताल ले गए। जहां से बराला अस्पताल चोमू में उसका उपचार करवाया। इस संबंध में 29 मई को मृतका के चाचा ने पाटन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
आरोपी आक्रोशित सनकी स्वभाव का व्यक्ति है जो पीड़िता मृतका से शादी करना चाहता था जिससे पीड़िता द्वारा बात नहीं करने के कारण आवेश में आकर घटना को अंजाम दिया। आरोपी बाकेश बीए उत्तीर्ण कर चुका है। वर्तमान में कंपटीशन परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बाकेश के छत से कूदने के कारण दोनों पैरों में जरका एवं बाथरूम पर चढ़ते समय कोहनी पर खरोच भी है। प्रकरण में गिरफ्तार अभियुक्त बाकेश से पूछताछ अनुसंधान जारी है।