25 जोड़ों ने 35 पार्थिव शिवलिंगों का किया पूजन : सोम प्रदोष की सामूहिक पूजा
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । नोखा के लाहोटी चौक स्थित अयोध्या धाम में चातुर्मास सत्संग समिति की ओर से चल रहे चातुर्मास कार्यक्रम के तहत रविवार को भगवान श्रीशंकर की सामूहिक पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान 25 जोड़ों ने 35 पार्थिव शिवलिंगों का पूजन किया, जिसमें लगभग 125 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। चातुर्मास सत्संग समिति के अनुसार, 10 अगस्त को अयोध्या धाम पंडाल में शाम 5:30 बजे सोम प्रदोष के अवसर पर एक और सामूहिक पूजा का आयोजन किया जाएगा। यह पूजा परम पूज्य दंडी स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती महाराज के सानिध्य में संपन्न होगी। समिति ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस पूजा का लाभ लेने का आह्वान किया है।
रात 8 बजे शिव महिम्न स्तोत्र सहित अन्य स्तोत्रों का पाठ
चातुर्मास कार्यक्रम के तहत अयोध्या धाम में प्रतिदिन सुबह 5 बजे प्रार्थना, सुबह 8 से 10 बजे तक भगवान श्रीशंकर की सामूहिक पूजा-अर्चना, दोपहर 3 बजे भजन-कीर्तन और शाम 4 से 6 बजे तक वाल्मीकि रामायण कथा का आयोजन किया जा रहा है। रात 8 बजे शिव महिम्न स्तोत्र सहित अन्य स्तोत्रों का पाठ होता है। अयोध्या धाम में चल रही वाल्मीकि रामायण कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। दोपहर बाद से ही कथा स्थल पर भक्तों का पहुंचना शुरू हो जाता है। रामनाम के जयघोष और भक्ति संगीत से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठता है। दंडी स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती महाराज ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन चरित्र का विस्तार से वर्णन किया, जिसे श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से सुना।
ये रहे मौजूद
इस पूजा में महावीर प्रसाद पांडिया, नारायण राठी, देवकिशन तापड़िया, शिवदयाल मल, गोपाल तापड़िया, नवरतन राठी, रमेश मालाणी, पवन चांडक, पवन कोठारी, छगनलाल राठी, पवन डागा, लीलाधर राठी और अनिल डागा सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।