30 लाख का 10 क्विंटल डोडा पोस्त पकड़ा
दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सुजानगढ़,(अमित प्रजापत)31 मई। जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम द्वारा जिले में अवैध डोडा पोस्त तस्करी की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत सीआई मनोज भाटीवाड़ के निर्देशन में पुलिस थाना टीम सुजानगढ़ ने अवैध डोडा पोस्त तस्करी के संबंध में मुखबरी लगाकर सूचना एकत्र करना शुरू किया।
जिस पर आज उप निरीक्षक हंसराज लूणा, कांस्टेबल रमेश, राजाराम, विकास, छितरमल, करनाराम की टीम ने ट्रक नंबर आरजे 14 जीडी 7774 में सफेद कट्टों में स्क्रैप प्लास्टिक भरी हुई गाड़ी की तलाशी ली। जिस पर स्क्रेप के बीच में 50 कट्टों में 10 क्विंटल डोडा पोस्त भरकर एमपी से पंजाब ले जाते हुए पाये गये।
आरोपी सतनाम सिंह रामगढ़िया सिख निवासी जीवन नगर जिला सिरसा व खीवसिंह गोस्वामी निवासी ऐलनाबाद जिला सिरसा को अवैध रूप से भारी मात्रा में डोडा पोस्त का परिवहन करने पर मेगा हाईवे लाडनू रोड सुजानगढ़ में टी-पॉइंट पर नाकाबंदी कर गिरफ्तार किया। जब्तशुदा डोडा पोस्त की बाजार कीमत 30 लाख रूपये है। वर्ष 2020 में डोडा पोस्त तस्करी की जिले में सुजानगढ़ पुलिस की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। जिसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त का परिवहन करने पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।