निशुल्क नेत्र जांच शिविर में 453 मरीजों की जांच, 30 ऑपरेशन के लिए चयनित

निसं 

खेतड़ी नगर (नवयत्न)। गोठड़ा बस स्टैंड स्थित डॉ. विकास खुराना हॉस्पिटल में शनिवार को केसीसी प्रोजेक्ट की सीएसआर योजना के तहत निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि केसीसी के कार्यपालक निदेशक जीडी गुप्ता ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. दीपिका खुराना ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एस. शिवदर्शी, केटीएसएस महामंत्री बिड़दूराम सैनी, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) विपिन शर्मा, डॉ. विकास मौजूद थे।

मुख्य अतिथि जीडी गुप्ता ने कहा कि जनसेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। उन्होंने कहा कि केसीसी प्रोजेक्ट सामाजिक दायित्व के तहत समय-समय पर ऐसे जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन करता रहेगा, जिससे जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ते स्क्रीन टाइम के कारण आंखों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में समय-समय पर जांच कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आंखों में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत विशेषज्ञ से परामर्श लें। डॉ. विकास खुराना ने कहा कि आंखें मानव शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं, इसलिए उनकी नियमित जांच आवश्यक है। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। साथ ही उन्होंने लोगों को आंखों की देखभाल और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। विपिन शर्मा ने बताया कि शिविर में 453 मरीजों की जांच, 30 ऑपरेशन के लिए चयनित किया साथ ही दो सो मरीजों को चश्मे वितरण किए। शिविर प्रभारी घनश्याम ने बताया कि सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित शिविर में कुल 453 मरीजों की आंखों की जांच की गई। मरीजों को निशुल्क चश्मे व दवाइयां वितरित कर आवश्यक परामर्श दिया गया। इस दौरान डॉ. गोपाल राठी, मुन्नालाल जैदिया, बाबूलाल सैनी, राजेंद्र, चेतन सहित अन्य लोगों ने सेवाएं दीं।

You might also like