नामांकन के दूसरे दिन 72 प्रत्याशियों ने नामांकन भरे

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर चुनावी सरगर्मी अब तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को एसडीएम कार्यालय में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। विभिन्न वार्डों से चुनाव मैदान में उतरने वाले 72 प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अधिकारी सौरव भाम्बू के समक्ष नामांकन आवेदन दाखिल किए। सुबह से ही प्रत्याशी अपने प्रस्तावकों और समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचने लगे। कई प्रत्याशी ढोल नगाड़ों और नारेबाजी के बीच जुलूस के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचे, जिससे कार्यालय परिसर और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा, कांग्रेस के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों की भी सक्रियता दिखाई दी। प्रत्याशी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करवाते रहे। समर्थक अपने उम्मीदवार के पक्ष में नारेबाजी करते नजर आए। भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के इंतजाम किए गए। नामांकन प्रक्रिया के बीच एडीएम भागीरथ साख ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नामांकन के लिए तैनात कार्मिकों से पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। एडीएम आमजन की तरह लाइन में लगे और मौके पर नामांकन व्यवस्था को परखा। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी सौरव भाम्बू से अब तक प्राप्त आवेदनों और चुनाव प्रक्रिया की जानकारी ली। एडीएम ने अधिकारियों और कार्मिकों को नामांकन प्रक्रिया नियमानुसार, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्याशियों के दस्तावेजों की जांच निर्धारित नियमों के अनुसार करने तथा नामांकन स्थल पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार राकेश पूनियां सहित संबंधित कार्मिक मौजूद रहे। नामांकन के दूसरे दिन बड़ी संख्या में आवेदन आने से साफ है कि श्रीमाधोपुर में चुनावी मुकाबला जोर पकने लगा है।

You might also like