नामांकन को लेकर एसडीएम कार्यालय पर बढ़ी चहल-पहल
निसं
तारानगर (नवयत्न)। तारानगर नगर पालिका आम चुनाव 2026 को लेकर तारानगर शहर में शनिवार को नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन चुनावी सरगर्मियां तेज हो गईं। पहले दिन कोई नामांकन दाखिल नहीं होने के बाद अब अलग-अलग वार्डों से कुल 10 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। निर्वाचन अधिकारी प्रियंका कड़ेला ने बताया कि शनिवार को वार्ड संख्या 12 से शबाना बानो ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। वार्ड संख्या 13 से अदरीश ने निर्दलीय तथा इंडियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। वार्ड संख्या 15 से संतोष ने निर्दलीय, वार्ड संख्या 17 से महबूबा अली ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। इसी प्रकार वार्ड संख्या 18 से सरोज और सोनू ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। वार्ड संख्या 20 से सेठूराम ने निर्दलीय, वार्ड संख्या 31 से साजिद खान ने निर्दलीय तथा वार्ड संख्या 32 से लियाकत अली ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन एसडीएम कार्यालय एवं संबंधित नामांकन केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की भीड़ नजर आई। प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा की ओर से अभी तक आधिकारिक वार्डवार प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की गई है। ऐसे में शनिवार को कई प्रत्याशियों के निर्दलीय रूप से नामांकन दाखिल करने के बाद चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 30 अगस्त रविवार को राजकीय अवकाश होने के कारण नामांकन प्रक्रिया स्थगित रहेगी। अब शेष बचे प्रत्याशी 31 अगस्त सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की अंतिम तारीख नजदीक आने के साथ ही तारानगर में चुनावी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के मैदान में उतरने की संभावना है। इसके बाद ही 35 वार्डों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी।