नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 85 लाभांवित
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम द्वारा आचार्य महाश्रमण की प्रेरणा से संचालित राष्ट्रव्यापी जनकल्याणकारी अभियान मिशन दृष्टि के अंतर्गत शहर के मदनलाल भंवरी देवी आर्य मेमोरियल उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का अत्यंत सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस विशेष स्वास्थ्य शिविर के दौरान टीम द्वारा प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को नेत्र से जुड़ी विभिन्न आवश्यक जानकारियों से अवगत करवाया। वहीं जांच के दौरान विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ की दृष्टि की विभिन्न आधुनिक मशीनों के द्वारा गहन जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। इस दौरान टीम द्वारा कुछ चश्में भी सौंपे गए। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस सराहनीय पहल के लिए प्रति संस्था निदेशक वेदप्रकाश आर्य व प्राचार्य कंचन लता आर्य द्वारा तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम, आयोजन समिति, उपस्थित सभी समर्पित चिकित्सकों एवं सेवाभावी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। टीम में नेत्र सहायक रामाशंकर पांडे, राजकुमार सेठिया, पायलेट दिनेश मेहरिया व सीताराम गुर्जर शामिल रहे।