हीटवेव का असर जारी: आंधी-बारिश से मिलेगी राहत की सांस

डी. के. सैनी

जयपुर (नवयत्न)। प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। कुछ हिस्सों में हीटवेव का असर जारी है, वहीं आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियों के चलते कई जगह अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी इस तरह की गतिविधियां जारी रहने से लोगों को आंशिक राहत मिलने की संभावना है।

 

जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक प्रदेश के कई इलाकों में हीटवेव और उष्ण रात्रि की स्थिति बनी हुई है, लेकिन कहीं-कहीं मेघ गर्जन, तेज हवाओं और हल्की बारिश का दौर भी देखने को मिला है। पिछले 24 घंटे में हनुमानगढ़ में सर्वाधिक 13 मिमी बारिश दर्ज की गई।

 

प्रदेश में वर्तमान में अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य के आसपास है। सबसे अधिक तापमान फलोदी में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जयपुर में 40.9 डिग्री और कोटा में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सीकर में 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

पश्चिमी विक्षोभ का असर, तेज हवाओं की चेतावनी

 

मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही पूर्वी हवाओं के प्रभाव से अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, मेघगर्जन और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

 

इन संभागों में बारिश के आसार

 

5 मई तक जयपुर, भरतपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनू, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, चूरू और हनुमानगढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 30 अप्रैल को बारां, बूंदी, डीग, धौलपुर, झालावाड़, करौली, कोटा और सवाई माधोपुर जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।

 

तापमान का हाल

 

अजमेर 40.5°, भीलवाड़ा 41.6°, अलवर 41.2°, पिलानी 41.8°, चित्तौड़गढ़ 43°, बाड़मेर 43°, जोधपुर 42.3°, बीकानेर 42.5° और श्रीगंगानगर 42° सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी तापमान 37 से 43 डिग्री के बीच बना हुआ है।

 

मौसम विभाग का कहना है कि मई के पहले सप्ताह में भी दोपहर बाद आंधी और मेघ गर्जन की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बनी रहने की भी संभावना है।

 

सावधानी जरूरी

 

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्म हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी है।

You might also like