बीमार पिता को बिस्तर से घसीटकर पीटा
बुजुर्ग दंपति ने लगाया बेटे-बहू पर जमीन हड़पने की कोशिश का आरोप
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। शहर के खोराबीसल थाना क्षेत्र के नांगल नाही इलाके में बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट और जमीन हड़पने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता होटी देवी (65) ने अपने बेटे राजेश उर्फ राजू और बहू पूजा देवी पर मारपीट, प्रताड़ना और संपत्ति अपने नाम कराने के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार उनका बेटा राजेश नशे का आदी है और वह अपनी पत्नी के साथ आए दिन परिवारजनों और आसपास के लोगों से झगड़ा करता रहता है। उन्होंने बताया कि उनके पति हरिनारायण शर्मा (72) का दो माह पूर्व गांठ का ऑपरेशन हुआ था, जिसके चलते वे बिस्तर पर हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं।
होटी देवी ने बताया कि 18 अप्रैल की रात करीब 8 बजे आरोपियों ने मकान और जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उन्होंने बीमार पति को बिस्तर से घसीटकर बाहर निकाल दिया और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचीं होटी देवी और उनकी बेटी ममता के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
पीड़िता ने बताया कि शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बचाया। आरोप है कि जाते समय राजेश ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी और अपनी पहुंच का हवाला देकर डराने का प्रयास किया।
परिवार में बड़े बेटे बाबूलाल शर्मा के अलावा तीन बेटियां हैं, जिनमें छोटी बेटी ममता पिछले दो माह से माता-पिता की देखभाल कर रही है। बुजुर्ग दंपति का मुख्य व्यवसाय खेती है।
इस संबंध में खोराबिसल थानाप्रभारी सुरेश चौधरी ने बताया कि 18 अप्रैल की रात दोनों पक्षों में विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और मामला शांत करवाया गया था। एक पक्ष द्वारा मारपीट और चोट लगने की शिकायत दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने
की मांग की है।